वेव्स एक प्रमुख वैश्विक आयोजन है जो संपूर्ण मीडिया और मनोरंजन (एम एंड ई) क्षेत्र को एक साथ लाता है। इसका उद्देश्य भारत के मीडिया और मनोरंजन उद्योग को वैश्विक बाज़ार से जोड़ना, विकास, सहयोग और नवाचारों को बढ़ावा देना है। विश्व श्रव्य-दृश्य और मनोरंजन शिखर सम्मेलन (वेव्स) का पहला संस्करण 2025 में भारत में राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम द्वारा सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के तत्वावधान में आयोजित किया जाएगा, जिसे इस क्षेत्र के भारतीय उद्योग संघों का समर्थन प्राप्त होगा।
वेव्स का उद्देश्य मंत्रियों के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडलों, वैश्विक और भारतीय उद्योग जगत के नेताओं, नीति निर्माताओं, मीडिया और मनोरंजन उद्योग और इसके नवप्रवर्तकों को एक साथ लाकर भारत के मीडिया और मनोरंजन क्षेत्र के विकास को गति प्रदान करना है ताकि अवसरों का पता लगाया जा सके, चुनौतियों का समाधान किया जा सके और मीडिया और मनोरंजन उद्योग के भविष्य को आकार दिया जा सके। वैश्विक मीडिया और मनोरंजन उद्योग में फिल्म, टीवी, प्रसारण, प्रिंट, रेडियो, समाचार, न्यू मीडिया, विज्ञापन, एनिमेशन, वीएफएक्स, गेमिंग और ई-स्पोर्ट्स, एआर/वीआर/एक्सआर, संगीत, लाइव इवेंट आदि शामिल हैं।
वेव्स के अग्रदूत के रूप में, विभिन्न संघ और संगठन क्रिएट इन इंडिया चैलेंज: सीज़न 1 का आयोजन कर रहे हैं। यह पहल प्रतिभाशाली व्यक्तियों को एनिमेशन, विज़ुअल इफेक्ट्स, गेमिंग, कॉमिक्स और एक्सटेंडेड रियलिटी के क्षेत्र में अपने कौशल का प्रदर्शन करने के लिए एक मंच प्रदान करती है। क्रिएट इन इंडिया चैलेंज: सीज़न 1 के बारे में अधिक जानकारी के लिए कृपया यहाँ क्लिक करें: https://wavesindia.org/challenges-2025
वेव्स के प्रमुख घटक
- वैश्विक मीडिया संवाद: विश्व भर में मीडिया और मनोरंजन क्षेत्र से जुड़े मंत्रियों और प्रमुख नीति निर्माताओं के बीच बातचीत।
- विचार नेताओं का ट्रैक: पूर्ण सत्र, सम्मेलन और ब्रेकआउट सत्र
- प्रदर्शनी: एम एंड ई उद्योगों द्वारा मंडप, भारतीय और वैश्विक नवाचार और नवीनतम रुझानों का प्रदर्शन, बी 2 बी, बी 2 सी, बी 2 जी सहयोग को बढ़ावा देना और भारत में निवेश के अवसर, इमर्सिव और अनुभवात्मक क्षेत्र, गेमिंग आर्केड।
- वेव्स बाज़ार: गठजोड़ हेतु व्यावसायिक साझेदारों की पहचान हेतु एक उद्योग-प्रधान बाज़ार। दुनिया भर के विभिन्न देशों के खरीदारों और विक्रेताओं का संगम।
- वेवएक्सीलरेटर: एम एंड ई क्षेत्र में स्टार्टअप्स के लिए निवेश का अवसर और लाइव पिचिंग सत्र।
- भारत मंडप: कहानी कहने की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत से भारत की यात्रा का जश्न मनाना और इसे भविष्य के लिए तैयार अवतार में प्रस्तुत करना।
- क्रिएटोस्फेयर: मास्टरक्लास और कार्यशालाएं, क्रिएटर्स कॉन्क्लेव, क्रिएट इन इंडिया चैलेंजेस का ग्रैंड फिनाले
- सांस्कृतिक कार्यक्रम: वैश्विक और भारतीय कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम।