एनसीओई की उत्पत्ति 12वीं पंचवर्षीय योजना में देखी जा सकती है और माननीय वित्त मंत्री ने वित्त वर्ष 2014-15 के दौरान अपनी बजट घोषणा में कहा था कि "एनीमेशन, गेमिंग और स्पेशल इफेक्ट्स में एक राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र (एनसीओई) स्थापित किया जाएगा"। इसका उद्देश्य भारतीय और वैश्विक उद्योग की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए भारत में विश्वस्तरीय प्रतिभाओं का एक समूह तैयार करना, एवीजीसी-एक्सआर क्षेत्र के लिए एक इनक्यूबेशन केंद्र स्थापित करना और छोटे खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करना है। यह एवीजीसी-एक्सआर क्षेत्र के विभिन्न विषयों में किफायती मूल्य पर स्नातक, स्नातकोत्तर स्तर के पाठ्यक्रम और अल्पकालिक पाठ्यक्रम प्रदान करेगा और अनुसंधान-गहन कार्यक्रमों की पेशकश करके एवीजीसी-एक्सआर क्षेत्र में अनुसंधान को बढ़ावा देगा। मंत्रालय द्वारा परिकल्पित एनसीओई एक स्वतंत्र, उद्योग-आधारित संस्थान होगा जो न केवल युवाओं को रोजगार प्रदान करेगा, बल्कि उद्योग की कौशल आवश्यकताओं को भी पूरा करेगा।

एनसीओई का औपचारिक नाम भारतीय रचनात्मक प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईसीटी) रखा गया है और इसे कंपनी अधिनियम, 2013 के अंतर्गत धारा 8 कंपनी के रूप में पंजीकृत किया गया है, जिसके लिए 391.15 करोड़ रुपये का एकमुश्त बजटीय समर्थन प्राप्त है। कंपनी का गठन 25.12.2024 को हुआ था, जिसमें भारत सरकार की 48% और एवीजीसी-एक्सआर उद्योग के सामूहिक हितों का प्रतिनिधित्व करने वाले फिक्की और सीआईआई, प्रत्येक की 26% शेयरधारिता है। आईआईसीटी दादा साहेब फाल्के फिल्म सिटी, गोरेगांव, मुंबई में 10 एकड़ के भूखंड पर संचालित होगा, जिसके लिए सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय और महाराष्ट्र सरकार के बीच 08.10.2024 को एक पट्टा विलेख पर हस्ताक्षर किए गए थे।