लाइव इवेंट डेवलपमेंट सेल (एलईडीसी)

पृष्ठभूमि

माननीय प्रधानमंत्री ने भारत की लाइव कॉन्सर्ट इकोनोमी की अपार एवं अप्रयुक्त क्षमता को रेखांकित करते हुए भारत को लाइव मनोरंजन के लिए एक वैश्विक केंद्र के रूप में स्थापित करने हेतु समन्वित प्रयासों का आह्वान किया है। इस क्षेत्र की बड़े पैमाने पर रोजगार सृजित करने, पर्यटन को बढ़ावा देने, घरेलू एवं विदेशी निवेश आकर्षित करने तथा भारत की सांस्कृतिक सॉफ्ट पावर को सुदृढ़ करने की क्षमता को ध्यान में रखते हुए, मंत्रालय ने इस इकोसिस्टम को बढ़ावा देने एवं विनियमित करने के लिए संस्थागत उपायों को सुव्यवस्थित रूप से प्रारंभ किया है।

एलईडीसी का गठन

इसी संदर्भ में, लाइव इवेंट डेवलपमेंट सेल (एलईडीसी) (पूर्व में संयुक्त कार्य समूह) का गठन भारत के लाइव इवेंट एवं कॉन्सर्ट उद्योग के संवर्धन एवं विकास के लिए एक बहु-हितधारक संस्थागत तंत्र के रूप में किया गया है।

एलईडीसी में निम्नलिखित के प्रतिनिधि शामिल हैं :

  • संबंधित केंद्रीय मंत्रालयों/विभागों के प्रतिनिधि;
  • राज्य सरकारों के प्रतिनिधि; तथा
  • उद्योग संघों के प्रतिनिधि। 

अधिदेश

लाइव इवेंट डेवलपमेंट सेल (एलईडीसी) को लाइव इवेंट्स एवं कॉन्सर्ट के आयोजन में आने वाली विनियामक, अवसंरचनात्मक एवं परिचालन संबंधी बाधाओं की पहचान करने तथा लाइव मनोरंजन क्षेत्र में इज ऑफ डूइंग बिजनेस में सुधार के उद्देश्य से उपायों की अनुशंसा करने का अधिदेश दिया गया है। यह अनुमतियों, सुरक्षा मानकों, कराधान तथा अनुपालन संबंधी ढाँचों के संबंध में केंद्र एवं राज्यों के बीच समन्वित कार्रवाई को सुगम बनाता है तथा विश्वस्तरीय अवसंरचना एवं आयोजन स्थलों के विकास को भी बढ़ावा देता है। एलईडीसी का उद्देश्य कौशल विकास, व्यावसायिकीकरण तथा भारतीय सांस्कृतिक बौद्धिक संपदा (आईपी) के सृजन एवं संवर्धन को प्रोत्साहित करना भी है। इसका व्यापक उद्देश्य वर्ष 2030 तक भारत को लाइव मनोरंजन के लिए विश्व के प्रमुख गंतव्यों में शामिल करना है।

बैठकें एवं प्रगति

देश में लाइव इवेंट एवं कॉन्सर्ट पारितंत्र के विकास की प्रगति की समीक्षा करने, प्रमुख मुद्दों पर विचार-विमर्श करने तथा आगे की कार्ययोजना निर्धारित करने के लिए सूचना और प्रसारण मंत्रालय के सचिव की अध्यक्षता में हितधारकों के साथ एलईडीसी की बैठकें आयोजित की गई हैं।

प्रमुख पहल: सिंगल विंडो पोर्टल

एक प्रमुख सुधार पहल के रूप में, इंडिया सिने हब द्वारा एक सिंगल विंडो पोर्टल विकसित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य राज्य स्तर की अनुमति प्रणालियों को एकीकृत करना तथा लाइव कॉन्सर्ट एवं इवेंट आयोजित करने के लिए लाइसेंस/अनुमतियाँ जारी करने की प्रक्रिया को सुव्यवस्थित करना है। इस पोर्टल का उद्देश्य है :

  • अनुमोदन की समय-सीमा को कम करना;
  • पारदर्शिता एवं पूर्वानुमेयता में सुधार करना;
  • अंतर-विभागीय समन्वय को बढ़ाना; तथा
  • कारोबार सुगमता को सुदृढ़ करना।

आगे की कार्ययोजना

एलईडीसी लाइव एंटरटेनमेंट इकोनोमी के लिए निष्पादन ढाँचे को परिचालन में लाने हेतु हितधारकों एवं राज्यों के साथ संरचित परामर्श जारी रखेगा। इसके प्रमुख केंद्रित क्षेत्र विनियामक प्रक्रियाओं का सरलीकरण, अवसंरचना का विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण, कौशल विकास संबंधी पहल तथा भारत को एक प्रमुख वैश्विक लाइव इवेंट गंतव्य के रूप में स्थापित करना होंगे।